जून 23, 2026 7:24 पूर्वाह्न

printer

भारत-मोरक्को ने आतंकवाद रोधी संयुक्त कार्य समूह की बैठक में आतंकवाद की कड़ी निंदा की

भारत और मोरक्को के बीच आतंकवाद रोधी संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक कल नई दिल्ली में हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव डॉ. विनोद बाहड़े और मोरक्को के राष्ट्रीय न्यायिक पुलिस ब्रिगेड के प्रमुख हिशाम बाली ने की।

बैठक में दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों और गतिविधियों, विशेष रूप से सीमा पार आतंकवाद की कड़ी निंदा की। दोनों पक्षों ने पहलगाम आतंकी हमले और नई दिल्ली के लाल किले के पास हुई आतंकवादी घटना की भी निंदा की।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों ने सूचना साझा करने, क्षमता निर्माण तथा बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

भारत और मोरक्को ने संयुक्त राष्ट्र, वित्तीय कार्रवाई कार्यबल और वैश्विक आतंकवाद रोधी मंच जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

दोनों देश आपसी सहमति से अगली बैठक मोरक्को में आयोजित करने पर सहमत हुए।