भारत और नेपाल ने द्विपक्षीय डिजिटल वित्तीय संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रत्‍यक्ष सीमापार धन प्रेषण प्रणाली शुरू की

भारत और नेपाल ने द्विपक्षीय डिजिटल वित्तीय संपर्क को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के लोगों के बीच प्रत्‍यक्ष सीमापार धन प्रेषण प्रणाली शुरू की है।
 
वित्त मंत्रालय के अनुसार नई व्यवस्था के अंतर्गत भारत के यूपीआई और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस-एनपीआई को सीधे जोड़ा गया है। इस एकीकरण से दोनों देशों के नागरिक मोबाइल बैंकिंग ऐप और डिजिटल वॉलेट के माध्यम से आसानी से, सुरक्षित रूप से तत्‍काल धन का लेनदेन कर सकेंगे।
 
मंत्रालय ने कहा कि यूपीआई-एनपीआई कनेक्टिविटी वित्तीय समावेशन की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह भारत और नेपाल के बीच आर्थिक और डिजिटल संबंधों को और मजबूत करेगी। 
 
यह डिजिटल भुगतान गलियारा दोनों देशों के बीच व्यापार और लेनदेन के तरीके में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा। इससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी, स्थानीय कारोबारियों को आर्थिक लाभ होगा और लेनदेन की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।