नवम्बर 22, 2026 2:44 अपराह्न

printer

ब्रिक्स स्पेशल सेक्शन का उद्घाटन, ब्रिक्स और साझेदार देशों की फिल्में प्रदर्शित

गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आज नितेश तिवारी निर्देशित हिंदी फिल्म रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड – पार्ट 1 का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर निर्देशक नितेश तिवारी, फिल्‍म महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

समारोह के अंतर्गत, राष्‍ट्रीय फिल्‍म विकास निगम के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात ने ब्रिक्स देशों के मिशन प्रमुखों को सम्मानित किया। दर्शकों को संबोधित करते हुए नितेश तिवारी ने फिल्म को मिल रहे प्यार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाकाव्य रामायण को बड़े पर्दे पर भव्य रूप से प्रस्तुत करने के पीछे की प्रेरणा भी साझा की और इफ्फी का हिस्सा होने पर गर्व व्यक्त किया।

इस फिल्म के साथ ब्रिक्स स्पेशल सेक्शन का उद्घाटन हुआ, जिसमें ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों और साझेदार देशों की 21 फिल्में प्रदर्शित की गईं। रूस की फीचर फिल्म ‘न्यू होम’ के निर्माताओं ने भी आज गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में मीडिया से बातचीत की। फिल्‍म निर्देशक निकिता ग्रुशिन और फोटोग्राफी निर्देशक एकातेरिना स्मोलीना ने पणजी के इफ्फी मीडिया सेंटर में कहा कि यह फिल्म रूसी संघ के भागीदार देश प्रस्तुति के तहत अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा अनुभाग में प्रदर्शित की जा रही है।

फिल्म एक महिला एन्ना की कहानी है। एन्‍ना सात साल की सजा के बाद रिहा होकर अपने जीवन को फिर से संवारने के लिए संघर्ष करती है। फिल्म की प्रेरणा के बारे में निर्देशक निकिता ग्रुशिन ने बताया कि कैसे अपराधबोध की भावनाएँ, मानव व्यवहार को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने इन भावनाओं को समझने और नकारात्मक अनुभवों को सकारात्मक कार्यों में बदलने के महत्व पर बल दिया।

फोटोग्राफी निर्देशक एकातेरिना स्मोलीना ने 30 वर्ष की आयु में फोटोग्राफी के क्षेत्र में प्रवेश करने की अपनी यात्रा साझा की। उन्होंने डर पर काबू पाने और फोटोग्राफी के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के बारे में बताया। उन्होंने महिलाओं को बिना किसी झिझक के अपनी रचनात्मक महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। 

57वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव देश के कुछ अनमोल रत्नों को ‘पुनर्स्थापित क्लासिक्स’ प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शकों के सामने ला रहा है। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार द्वारा प्रस्तुत, इन फिल्मों को सूचना और प्रसारण मंत्रालय के राष्ट्रीय फिल्म विरासत मिशन के तहत पुनर्स्थापित किया गया है।

कश्मीर की कली, वक्त, कभी-कभी, तुलाभरम जैसी क्लासिक फिल्मों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य केवल पुरानी फिल्मों का संरक्षण करना ही नहीं है, बल्कि भारत की समृद्ध सिनेमाई विरासत की रक्षा करना, इसकी कलात्मक प्रतिभा को पुनर्जीवित करना और इन उत्कृष्ट कृतियों को युवा पीढ़ी के लिए सुलभ बनाना है।