नवम्बर 18, 2026 12:46 अपराह्न

printer

हांगकांग सुपर-500 बैडमिंटन टूर्नामेंट: लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत पुरुष सिंगल्स मुकाबलों में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे

हांगकांग सुपर-500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत आज पुरुष सिंगल्स मुकाबलों में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
लक्ष्य सेन हाल ही में हाइलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स का खिताब लगातार जीत चुके हैं। वे इस जीत की लय को बरकरार रखना चाहेंगे। चीन के हांगझोऊ में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह बनाने के लिए उन्हें कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचना होगा। लक्ष्य सेन का मुकाबला हांगकांग के ली च्युक यिउ से होगा, जबकि श्रीकांत का सामना इंडोनेशिया के सातवीं वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान से होगा।

महिला सिंगल्स में अनमोल खरब का मुकाबला जापान की चौथी वरीयता प्राप्त तोमोका मियाजाकी से और उन्नति हुड्डा का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त हान यू से होगा। वहीं, अश्मिता चालिहा और ईशारानी बरुआ के बीच पहले दौर का मुकाबला पूरी तरह भारतीय होगा। देविका सिहाग का सामना चीनी ताइपे की लिन शियांग टी से, जबकि रक्षिता राजू का मुकाबला डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट से होगा।

पुरुष डबल्स में हरिहरन अम्सकरुनन और एम.आर.अर्जुन की जोड़ी का सामना चीनी ताइपे की हे झी-वेई और हुआंग जुई-शुआन की जोड़ी से होगा।
इससे पहले, कल भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने रोमांचक मुकाबले में चीनी ताइपे की ली झे-हुई और यांग पो-हान की जोड़ी को हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 15-21, 21-17, 28-26 से जीता।

महिला डबल्स में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी पहले दौर में हांगकांग की फैन का यान और लिउंग युएत यी से भिड़ेगी। मिक्स्ड डबल्स में हरिहरन और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी का मुकाबला मलेशिया के वोंग तिएन ची और लिम चिउ सिएन से होगा। वहीं, ध्रुव रावत और मनीषा के. की जोड़ी चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त जियांग झेन बांग और वेई या शिन से खेलेगी।

इस बीच, भारत के ध्रुव कपिला और राधिका शर्मा की जोड़ी ने क्वालिफाइंग मुकाबले में हांगकांग के चेंग यिंग किट और लिउंग युएत यी को सीधे गेम में हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली है। पहले दौर में अब उनका सामना चीन की गुओ शिनवा और चेन फांगहुई की जोड़ी से होगा।