बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात अकवान आज सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में और कल शाम तक और भी तीव्र होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। शुक्रवार दोपहर के आसपास चक्रवात के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करने की संभावना है। इससे 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है, जिनकी गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
विभाग ने आज तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। गुरुवार और शुक्रवार को भारी से अत्यंत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। तेलंगाना में भी शुक्रवार और शनिवार को तेज बारिश होने की आशंका है।
इस बीच, ओडिशा सरकार ने आठ जिलों में दो लाख से अधिक लोगों की पहचान की है जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सकता है। आपदा राहत दल तैनात कर दिए गए हैं और चक्रवात आश्रय स्थलों को तैयार किया जा रहा है। आंध्र प्रदेश ने भी आपातकालीन तैयारियों को तेज कर दिया है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से आधिकारिक सलाह का पालन करने और सतर्क रहने का आग्रह किया है।