नवम्बर 18, 2026 7:30 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा को मंजूरी दी

दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय और उनके परिवारों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस फैसले से दिल्ली में पात्र ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस कवरेज में केंद्र सरकार द्वारा 5 लाख रुपये और दिल्ली सरकार द्वारा अतिरिक्त 5 लाख रुपये का योगदान शामिल है।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि लाभार्थी देशभर में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में 27 चिकित्सा विशिष्टताओं में एक हज़ार नौ सौ से अधिक उपचार पैकेजों और प्रक्रियाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने दिल्ली में पाँच हज़ार छह सौ से अधिक ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को इस योजना के संभावित लाभार्थियों के रूप में चिन्हित किया है। इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को चिकित्सा खर्चों के भारी बोझ से मुक्ति दिलाना है।