अगस्त 21, 2026 3:52 अपराह्न | SSB headquarters in Siliguri.

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल के मुख्यालय में 189 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल-एसएसबी मुख्यालय में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया। जवानों को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि इससे पहले एसएसबी के कार्यक्रमों में पूर्व मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने इनमें शामिल होना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सीमा सुरक्षा के लिए पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि औपचारिक कागजी कार्रवाई से पहले ही फोन पर बातचीत के जरिए कई कार्य किए जा रहे हैं और आवश्यक शेष 29 एकड़ जमीन भी उपलब्ध कराई जा रही है।

    श्री शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठ रोकने के लिए ममता बनर्जी से बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद, आश्वासन के बाद भी जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने बंगाल के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    इस अवसर पर करीब 189 करोड़ रुपये की लागत से एसएसबी के कई शिविरों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

    उन्होंने कहा कि नेपाल और भूटान जैसे देशों के साथ खुली सीमाओं की सुरक्षा करना एसएसबी की जिम्मेदारी है, जो सबसे कठिन कार्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर के महत्व को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।