देश में रक्तदान के क्षेत्र में हरियाणा लगातार तीसरे वर्ष पहले स्थान पर रहा। वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य में पांच लाख 89 हजार यूनिट रक्त एकत्र किया गया और आठ हजार 189 रक्तदान शिविर लगाए गए।
हरियाणा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि ई-रक्तकोष पोर्टल पर दर्ज सत्यापित आंकड़ों के अनुसार, प्रति दस लाख आबादी रक्तदान के मामले में हरियाणा सभी राज्यों में पहले स्थान पर है। केंद्र सरकार एक अक्टूबर को नई दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस समारोह में हरियाणा को सम्मानित करेगी।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य में मजबूत रक्त आधान व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, चिकित्सा सुरक्षा और मरीजों को नि:शुल्क जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है। इसमें लोगों की बड़े स्तर पर भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही है।