वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने आज दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान -ग्रैप का तीसरा चरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक-एक्यूआई आज 380 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के अंतर्गत लागू प्रतिबंध भी जारी रहेंगे। नई दिल्ली में ग्रैप उप-समिति की बैठक में क्षेत्र की वायु गुणवत्ता की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।
तीसरे चरण के अंतर्गत सभी तरह के निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसमें मिट्टी की खुदाई, नालियां खोदने, सड़क निर्माण और बड़ी मरम्मत के काम भी शामिल हैं। हालांकि, जरूरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़े कुछ निर्माण कार्यों को छूट दी गई है।
इसके अलावा, संशोधित ग्रैप व्यवस्था के अंतर्गत दिल्ली में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाले हल्के मोटर वाहनों के चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ग्रैप दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लागू की जाने वाली आपातकालीन व्यवस्था है।