पहली बार, अमरीका के पांच राज्यों के गवर्नरों ने आधिकारिक जगहों पर दिवाली मनाई। इसके माध्यम से उन्होंने व्यापार, जनसेवा और सांस्कृतिक विविधता के क्षेत्र में भारतीय-अमरीकियों के योगदान को मान्यता दी। यह कार्यक्रम इडाहो, नेब्रास्का, मोंटाना, नॉर्थ डकोटा और वाशिंगटन में आयोजित किए गए। 10 नवंबर को ओरेगन के सलेम स्थित स्टेट कैपिटल में छठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके साथ ही अक्टूबर के मध्य में शुरू हुआ यह सिलसिला पूरा हो जाएगा।
सिएटल में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक बयान में बताया कि यह कार्यक्रम ऐसे पहले मौके हैं, जब गवर्नरों ने अपने आधिकारिक आवासों और स्टेट कैपिटलों में दिवाली मनाई है। इन कार्यक्रमों में अमरीकी सीनेटर, कांग्रेस के सदस्य, मेयर और भारतीय-अमरीकी समुदाय के नेता शामिल हुए। वाशिंगटन के ओलंपिया में स्टेट कैपिटल रोटुंडा में, गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने भारतीय-अमरीकी समुदाय की प्रगति और राज्य में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। इडाहो में, गवर्नर ब्रैड लिटिल ने कहा कि दिवाली हमें याद दिलाती है कि दया का भाव रखना, ज्ञान की खोज करना, दूसरों की सेवा करना और चुनौतियों के बीच भी आशा बनाए रखना कितना महत्वपूर्ण है।