अक्टूबर 11, 2026 7:48 अपराह्न

printer

सरकार ने राष्ट्रीय इस्पात नीति 2047 का मसौदा जारी किया, 604 मिलियन टन स्टील उत्पादन क्षमता का लक्ष्य

सरकार ने राष्‍ट्रीय इस्‍पात नीति 2047 का मसौदा जारी किया है। इसमें भारत की कच्चे स्टील की उत्पादन क्षमता को मौजूदा लगभग 220 मिलियन टन से बढ़ाकर 2047 तक 604 मिलियन टन करने का लक्ष्य रखा गया है।

नई नीति में इस्‍पात क्षेत्र से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने और बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए लौह अयस्क तथा कोकिंग कोल की उपलब्धता बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की गई है। स्टील उत्पादन लागत में इन कच्चे माल की हिस्सेदारी 65 से 70 प्रतिशत तक होती है। भारत लौह अयस्क के मामले में काफी हद तक आत्मनिर्भर है, लेकिन कोकिंग कोल की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है।

स्टील क्षेत्र में औसत कार्बन उत्सर्जन तीव्रता को मौजूदा 2.54 टन कार्बन डाइऑक्साइड प्रति टन क्रूड स्टील से घटाकर 2047 तक 1 दशमलव 54 टन करने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य भारत के 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन के उद्देश्य के अनुरूप है।

लौह अयस्क की मांग 2025 के 299 मिलियन टन से बढ़कर 2047 तक 772 मिलियन टन होने का अनुमान है। इसे देखते हुए सरकार ने विदेशी खदानों और संयुक्त उपक्रमों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले लौह अयस्क भंडार सुरक्षित करने के साथ घरेलू आपूर्ति और परिवहन अवसंरचना को मजबूत करने का प्रस्ताव रखा है।