सितम्बर 23, 2026 5:16 अपराह्न

printer

पुणे में गणेशोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है

पुणे में गणेशोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्रमुख गणेश मंडलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पुणे और आसपास के इलाकों से लोग पांच प्रमुख गणपतियों के दर्शन और विभिन्न सार्वजनिक गणेश मंडलों की भव्य झांकियां देखने आ रहे हैं। शाम के समय शहर के मध्य हिस्सों में भीड़ बढ़ने से कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुणे पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए करीब सात हजार पांच सौ पुलिसकर्मी और सात सौ अधिकारी तैनात किए गए हैं। भीड़ पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ए आई आधारित निगरानी प्रणाली का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए मध्य पुणे के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है।

 त्योहार के दौरान सार्वजनिक परिवहन की मांग भी बढ़ गई है। पुणे मेट्रो में यात्रियों की संख्या में  वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, 25 सितंबर को होने वाले गणेश विसर्जन जुलूस के लिए भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पुणे नगर निगम ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और चिकित्सा दल तैयार रखे हैं।

प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और गणेशोत्सव शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है।