जून 10, 2026 5:26 अपराह्न

printer

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों के मारे जाने पर पाकिस्तान की कड़ी निंदा की

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने कुनार, खोस्त और पख्तिका प्रांतों में हुए हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिकों के मारे जाने पर पाकिस्तान की कड़ी निंदा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि पाकिस्‍तान को इस क्षेत्र में अपनी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई को स्वीकार करना चाहिए तथा युद्ध और विनाश की नीति को त्याग देना चाहिए। श्री करजई ने आज तालिबान प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद द्वारा कुनार, खोस्त और पख्तिका में पाकिस्तानी सैन्य हवाई हमलों में ज्‍यादातर बच्‍चों सहित 13 नागरिकों की मौत की पुष्टि के बाद यह टिप्‍पणी की है। पाकिस्तान की सैन्‍य  कार्रवाई की निंदा करते हुए श्री मुजाहिद ने कहा कि कल रात नागरिकों के घरों को निशाना बनाकर किए गए हमले में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन किया और कुनार, खोस्त और पख्तिका प्रांतों में नागरिकों के घरों पर बमबारी की। तालिबान के एक जिला अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के हमले में दो स्कूल, एक क्लिनिक और दो मस्जिदें नष्ट हो गईं।