वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज वाराणसी में कर्नाटक संगीत के महान संगीतकार मुथुस्वामी दीक्षित की 250वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में स्मारक सिक्का जारी किया। यह कार्यक्रम आईआईटी-बी.एच.यू के भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र की ओर से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने काशी और दक्षिण भारतीय शास्त्रीय संगीत के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने वाराणसी से मुथुस्वामी दीक्षितर के जुड़ाव और देवी अन्नपूर्णा तथा देवी विशालाक्षी को समर्पित उनकी भक्ति रचनाओं को याद किया।
उन्होंने कहा कि संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख हिस्सा है। श्रीमती सीतारामन ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के लिए आईआईटी-बी.एच.यू की सराहना भी की। कार्यक्रम में डॉ. सुमित्रा वासुदेवन ने गायन और रामन्ना बालचंद्रन ने वीणा वादन प्रस्तुत किया।