दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने आज राष्ट्रीय राजधानी में भवन सुरक्षा, छात्र आवास और पीजी नियमों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के मंत्री आशीष सूद, मुख्य सचिव, एनडीआरएफ के महानिदेशक, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
सोशल मीडिया पर उपराज्यपाल श्री संधू ने कहा कि उन्होंने असुरक्षित इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, स्पष्ट संस्थागत जवाबदेही और शिकायतों के त्वरित निवारण तथा संकट समन्वय के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत एक आपातकालीन तंत्र बनाए जाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने मंत्री आशीष सूद को एक समिति का नेतृत्व करने का निर्देश दिया है। यह समिति संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर संस्थागत पीजी दिशानिर्देशों की समीक्षा, विश्वविद्यालयों, एमसीडी और डीडीए के माध्यम से वैकल्पिक छात्रवास की संभावनाओं को तलाशने तथा छात्रों के रहने की व्यवस्था के लिए डीडीए के अनुपयोगी आवास के उपयोग की व्यावहारिकता का आकलन करने जैसे निम्नलिखित बिंदुओं पर काम करेगी।
प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।