दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण के पदक का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने हमेशा स्वास्थ्य और जनभागीदारी की भावना को उत्साह के साथ अपनाया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से बड़ी संख्या में हाफ मैराथन में शामिल होकर स्वस्थ दिल्ली के संकल्प को गति देने की अपील की।
इस दौरान उपस्थित दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह मैराथन केवल सेहत और जीत की दौड़ नहीं रन फॉर ज़ीरो हंगर के माध्यम से बच्चों को कुपोषण से बचाने और उन्हें पौष्टिक भोजन दिलाने का एक संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह मैराथन दिल्ली के सालाना कार्यक्रमों का एक प्रमुख हिस्सा बन चुका है। श्री मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार शहर में खेल, पर्यटन, कॉन्सर्ट इकोनमी और लाइव कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए नई नीतियां भी ला रही है। उन्होंने सभी को इस हाफ मैराथन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और दिल्ली को एक वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने के संकल्प को पूरा करने की अपील की।
दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन द्वारा आयोजित यह हाफ मैराथन अगले महीने की 18 तारीख को होगी।