रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज बर्लिन में जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों के रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने रक्षा उपकरणों के विकास और उत्पादन सहित कई द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा मामलों पर भी चर्चा की। उन्होंने रणनीतिक साझेदारी के रूप में सैन्य सहयोग को बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के दौरान रक्षा औद्योगिक सहयोग रोडमैप और संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा प्रशिक्षण में सहयोग के लिए कार्यान्वयन व्यवस्था पर हस्ताक्षर किए गए और उनका आदान-प्रदान किया गया। रक्षा मंत्री ने इस यात्रा को गहरी मित्रता, तालमेल और विश्वास का प्रतीक बताया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई भारत-यूरोपीय संघ सुरक्षा और रक्षा साझेदारी सामूहिक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री सिंह ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भारत और जर्मनी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को आवश्यक स्थिरता और मजबूती प्रदान की है। आतंकवाद के मुद्दे पर दोनों नेताओं ने कहा कि इसके सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।