रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अज़िनी’ के चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बचाने के लिए भारतीय नौसेना की सराहना की है। नौसेना ने समन्वित तरीके से 48 घंटे तक चले अभियान में यह सफलता हासिल की।
श्री सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नौसेना के बहादुर जवानों ने एक बार फिर साबित किया है कि भारत समुद्र में लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों से जहाज और उसके चालक दल का तेजी से पता लगाना, उन्हें रोकना और सभी को सुरक्षित छुड़ाना भारतीय नौसेना की उच्च परिचालन तत्परता को दर्शाता है। इस अभियान में भारतीय वायु सेना ने भी समय पर सहायता दी। उन्होंने कहा कि भारत सुरक्षित समुद्री मार्गों और स्वतंत्र, खुले तथा सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।