दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज श्रमिकों के कल्याण और उन्हें सरकारी सेवाओं से सीधे जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग क्षेत्र में नमो श्रमिक सेवा केंद्र और गिग वर्कर्स विश्राम स्थल का उद्घाटन किया। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास और निर्माण में श्रम, परिश्रम और लगन से महत्वपूर्ण योगदान देने वाले श्रमिक लोगों के सम्मान, सुविधा तथा कल्याण के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। एक रिपोर्ट –
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्रमिकों के लिए नमो श्रमिक सेवा केंद्र एक सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां उन्हें विभिन्न सरकारी सेवाओं और श्रमिक कल्याण योजनाओं से जुड़ी आवश्यक सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि केंद्र पर श्रमिकों को पंजीकरण और नवीकरण में सहायता, दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन की स्थिति की जानकारी, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और दावों से संबंधित सेवाओं के लिए मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान गिग वर्कर्स विश्राम स्थल का भी शुभारंभ किया गया। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि यह पहल काम के दौरान गिग वर्कर्स को कुछ समय आराम करने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक कदम है। इस अवसर पर मौजूद दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि राजधानी में और भी श्रमिक सेवा केंद्र शुरू किए जाएंगे जहाँ श्रमिक निःशुल्क पंजीकरण कराकर सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
श्री मिश्रा ने कहा कि सरकार ऐसे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने जा रही है, जहां श्रमिकों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ विदेशी भाषा कौशल भी उपलब्ध कराया जाएगा।