संयुक्त अरब अमीरात के हजारों निवासियों ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस अवसर पर आयोजित विशाल योग सत्रों ने सामुदायिक स्थलों को स्वास्थ्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के केंद्रों में बदल दिया। दुबई में, भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दुबई पुलिस के सहयोग से दुबई पुलिस ऑफिसर्स क्लब में एक योग सत्र का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में परिवारों, स्कूली बच्चों, अनुभवी योग प्रशिक्षकों और स्वास्थ्य के प्रति उत्साही लोगों सहित सभी आयु वर्ग के डेढ हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। उन्होंने श्वास व्यायाम, स्ट्रेचिंग और निर्देशित विश्राम सत्रों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में दुबई पुलिस बैंड द्वारा एक विशेष प्रस्तुति भी दी गई। इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय के तहत मनाया गया।
इस अवसर पर महावाणिज्यदूत सतीश कुमार सिवान ने बडी संख्या में लोगों की उपस्थिति की सराहना की और पुलिस को उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस कार्यक्रम को भारतीय समुदाय और संयुक्त अरब अमीरात के बीच गहरे संबंधों का प्रमाण बताया। महावाणिज्यदूत ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की भी सराहना की।
दुबई पुलिस के लॉजिस्टिक सहयोग विभाग के निदेशक मेजर जनरल मोहम्मद ईसा अल-अधाब ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देश में योग की बढ़ती लोकप्रियता का स्पष्ट संदेश देती है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को याद करते हुए उन्होंने लंबे समय से भारतीय समुदाय से जुडे दुबई के मीना बाज़ार ज़िले में अपने बचपन को याद किया। उन्होंने शहर के विकास में उनके योगदान का उल्लेख किया।
अबू धाबी में, समारोह का स्वरूप विशिष्ट था। इस अवसर पर भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित एक शांत सत्र के लिए लगभग एक हजार योग प्रेमी और राजनयिक दल के सदस्य प्रतिष्ठित लौवर अबू धाबी के गुंबद के नीचे एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम में अमीरात के सबसे प्रसिद्ध सांस्कृतिक स्थलों में से एक इस प्रतिष्ठित गुंबद में राजनयिक और विशाल समुदाय के प्रतिभागी एकत्र हुए।
दिन भर कई महत्वपूर्ण सामुदायिक गतिविधियाँ हुईं, जिनमें दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दुबई स्पोर्ट्स वर्ल्ड में “स्ट्रॉन्गर फॉर लॉन्गर” कक्षाएं और अल घुरैर सेंटर में दो घंटे का निःशुल्क मिश्रित स्तर का अभ्यास सत्र शामिल था।