अप्रैल 24, 2026 11:27 पूर्वाह्न

printer

ब्रिटेन और फ्रांस ने होर्मुज जलडमरूमध्य से व्यापार फिर से सामान्य होने की उम्मीद जताई

ब्रिटेन और फ्रांस ने उम्मीद जताई है कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही सैन्य योजनाएं अंतिम रूप ले रही हैं और इससे इस अहम मार्ग से व्यापार फिर से सामान्य हो सकेगा।
 
लंदन में दो दिन चली बैठक में, जिसमें दुनिया के 44 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया, सैन्य योजनाकारों ने युद्धविराम के बाद इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन और फ्रांस के नेतृत्व में बहुराष्ट्रीय मिशन की रूपरेखा पर चर्चा की।
 
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली और फ्रांस की रक्षा मंत्री कैथरीन वाउटरिन ने संयुक्त बयान में कहा कि उन्हें भरोसा है कि इस दिशा में ठोस प्रगति होगी।
 
जॉन हीली ने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य एक रक्षात्मक बहुराष्ट्रीय अभियान तैयार करना है, जो वाणिज्यिक जहाजों का भरोसा बढ़ाएगा और जरूरत पड़ने पर बारूदी सुरंगों को हटाकर जहाजों की सुरक्षा करेगा।
 
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि 12 से अधिक देश इस मिशन में शामिल होने पर सहमत हो चुके हैं। वहीं, ईरान ने कहा है कि जब-तक अमरीका उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखेगा, वह होरमुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोलेगा।