सितम्बर 24, 2026 7:48 अपराह्न

printer

ब्रिक्स थिएटर महोत्सव 12 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित

ब्रिक्स थिएटर महोत्सव 12 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन राष्‍ट्रीय नाट्य विद्यालय कर रहा है। नई दिल्ली में आज संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि ‘साझा कहानियां, साझा भविष्य’ विषय पर आधारित यह महोत्सव विविध नाट्य परंपराओं को रेखांकित करने और साझा मानवीय अनुभवों को उजागर करने का प्रयास है। सचिव ने कहा कि यह महोत्सव पिछले महीने आयोजित ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक में अपनाई गई भोपाल घोषणा पर आधारित है। घोषणा में अधिक सांस्कृतिक सहयोग, लोगों के बीच आदान-प्रदान और कलाकारों एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत नेटवर्क पर जोर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में 100 से अधिक कलाकारों के भाग लेने की संभावना है।
 
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिवसीय इस महोत्सव में दस नाट्य समूह ग्यारह नाटक प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि ये प्रदर्शन दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का अभिमंच सभागार, सम्मुख सभागार, कमानी सभागार, एलटीजी सभागार और मेघदूत रंगमंच शामिल हैं।