भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि ‘सत्ता परिवर्तन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल विपक्ष की मंशा को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की लड़ाई चुनाव सुधार या युवाओं के भविष्य के लिए नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने के लिए है। नितिन नवीन ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का रास्ता जनता के जनादेश से होकर गुजरता है, न कि अराजकता से। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, नई दिल्ली में बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी आरोप लगाया कि ‘सत्ता परिवर्तन’ जैसे शब्द देश में अशांति पैदा करने की कोशिशों की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मध्य दिल्ली में प्रदर्शन आयोजित करने का उद्देश्य देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना हो सकता है।
News On AIR | अक्टूबर 17, 2026 8:54 पूर्वाह्न
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया