ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ की सरकार प्रमुखों की 25वीं बैठक आज शुरू हो रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिन की इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बैठक में सदस्य देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसमें जारी सहयोग पहलों की प्रगति की समीक्षा और संगठन के वित्तीय तथा संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
भारत बैठक में अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और आपसी लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान करेगा। भारत स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसी पहलों के माध्यम से एससीओ के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दे रहा है।