अगस्त 3, 2026 9:19 अपराह्न

printer

विधानसभा उपचुनाव: भाजपा ने मांजलपुर, जन सुराज पार्टी ने बांकीपुर और कांग्रेस ने दतिया सीट पर जीत दर्ज की

भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट फिर जीत ली है। उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार सत्येंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी को तीस हजार से अधिक वोटों से हराया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, श्री पटेल को 55 हजार 481 जबकि रबारी को 24 हजार 851 मत प्राप्त हुए। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद यह सीट रिक्‍त हुई थी।

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट जीत ली है। यह सीट भाजपा का गढ़ रही है और 1995 से पार्टी कभी भी इस सीट से नहीं हारी थी। श्री किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार को उन्नीस हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया। राष्‍ट्रीय जनता दल उम्‍मीदवार रेखा कुमारी तीसरे स्‍थान पर रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को छह हजार से अधिक वोटों से हराया। इस वर्ष अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत द्वारा कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के मामले में तीन साल की कैद की सजा सुनाए जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त किए जाने के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए मतदान पिछले महीने की 30 तारीख को हुआ था।