आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज राज्य की अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 58 आधुनिक अग्निशमन वाहनों का शुभारंभ किया।
ये वाहन 15वें वित्त आयोग के कोष से प्राप्त धन से खरीदे गए हैं। इनमें ग्रामीण और वन क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए 25 उन्नत अग्निशमन वाहन, 20 जल भंडार और 13 त्वरित प्रतिक्रिया बहुउद्देशीय अग्निशमन वाहन शामिल हैं।
14 हजार लीटर क्षमता वाले जल भंडार, विशेष रूप से शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में, भीषण आग दुर्घटनाओं के दौरान निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायक होंगे। त्वरित प्रतिक्रिया वाहन संकरे और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक शीघ्रता से पहुँचने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र और राज्य सरकार के कोष से 252 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत से आधुनिक अग्निशमन वाहन और उपकरण चरणबद्ध तरीके से खरीद रही है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 33 करोड़ रुपये की लागत से 65 वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 17 नए अग्निशमन केंद्र भवनों का निर्माण किया जा रहा है और 36 मौजूदा केंद्रों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। गृह मंत्री अनीता और अग्निशमन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे।