नवम्बर 22, 2026 1:26 अपराह्न

printer

गुजरात के गांधीनगर में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 99वें संस्करण का आयोजन

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आज गांधीनगर स्थित दांडी कुटीर से ‘संडे ऑन साइकिल’ के 99वें संस्करण को रवाना किया। देशभर में 26 हजार स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से संविधान दिवस को फिटनेस के संदेश के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने साइकिल चलाने को एक संपूर्ण व्यायाम बताया। उन्होंने कहा कि यह यातायात की समस्या और प्रदूषण से निपटने का एक प्रभावी समाधान भी है।

उन्होंने युवाओं से साइकिलिंग को फैशन के साथ-साथ जुनून बनाने और फिटनेस के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को फिटनेस के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति भी जागरूक होना चाहिए, ताकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।

डॉ. मांडविया ने यह भी घोषणा की कि ‘संडे ऑन साइकिल’ का ऐतिहासिक 100वां संस्करण 29 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ‘फिट इंडिया’ और ‘नशामुक्त भारत’ अभियानों को आगे बढ़ाने में डॉ. मांडविया के निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन पहलों से देशभर के युवा प्रेरित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में दोनों नेताओं ने स्थानीय साइकिल चालकों और खिलाड़ियों के साथ साइकिल रैली में हिस्सा लिया और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।