फ्रांस और यूरोप के अन्य हिस्सों में चल रही भीषण लू से बचने के लिए असुरक्षित इलाकों में नहाते समय कम से कम 40 लोग डूब गए हैं। इस मामले में आपातकालीन बैठक से पहले फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कहा कि मृतकों में अधिकांश युवा थे। मौसम विभाग ने बताया है कि देश में कल रात 1947 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से सबसे गर्म रात दर्ज की गई।
फ्रांस के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू का अलर्ट जारी है और आज तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ब्रिटेन, इटली और स्पेन भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। कुछ क्षेत्रों में रिकॉर्ड तापमान के कारण स्कूल और परिवहन व्यवस्था बाधित हो गई है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन के अनुसार, यूरोप वैश्विक औसत दर से दोगुने से अधिक तेजी से गर्म हो रहा है, जिससे इस तरह की लंबी लू चलने की संभावना बढ़ती जा रही है।