पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आज 2 महिलाओं समेत 3 शीर्ष माओवादी कमांडरों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों ने इंसास और एके-47 राइफल जैसे अत्याधुनिक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में जबा महतो उर्फ बुलू, नयनतारा साहु उर्फ मीता और क्षेत्रीय समिति के सदस्य रामप्रसाद मंडी उर्फ महादेव शामिल हैं।
इन तीनों ने बांकुड़ा जिला पुलिस सम्मेलन कक्ष में पश्चिमी क्षेत्र के एडीजी आनंद कुमार के सामने अपने हथियार डाले। पुलिस के अनुसार, ये तीनों पिछले दो दशकों से अधिक समय से माओवादी आंदोलन में सक्रिय थे और कथित तौर पर लगभग 80 हिंसक घटनाओं से जुड़े हुए थे।
पुलिस ने बताया कि इन माओवादियों को यह अहसास हो गया था कि सशस्त्र संघर्ष सही रास्ता नहीं है, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। जंगलमहल इलाके में माओवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के प्रयासों के तहत पुलिस इस आत्मसमर्पण को एक बड़ी सफलता के रूप में देख रही है।