नई दिल्ली में कल आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के 15 हजार और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 200 कर्मियों को तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस द्वारा सम्मेलन की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुगलक रोड क्षेत्र में लगभग 500 सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद -एनडीएमसी द्वारा अपने हरित क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों, चौराहों, गोलचक्करों और सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 15 हजार गमलेदार पौधे लगाए हैं।
वहीं, 17 प्रमुख गोल चक्करों पर भव्य सजावटी रोशनी और 11 प्रमुख होटल परिसरों में आकर्षक रोशनी लगाई गई है। दस एनडीएमसी भवनों और स्थलों पर सजावटी प्रकाश व्यवस्था तथा नौ स्थानों पर आकर्षक पुष्प फव्वारे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रों ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूज़ियम रविवार तक बंद रहेगा।
संवाददाताओं से बातचीत में दिल्ली महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा सड़कों से कचरा साफ़ करने के लिए 176 गाड़ियां लगाई गई हैं।