यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस अपने महत्वपूर्ण ठिकानों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में हवाई रक्षा प्रणालियां तैनात कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लंबी दूरी तक हमला करने वाले ड्रोन रूस के अंदरूनी इलाकों में लगातार निशाना साध रहे हैं।
जेलेंस्की ने वीडियो संदेश में बताया कि रूस ने राजधानी मॉस्को, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास वाले वाल्दाई क्षेत्र और क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण केर्च पुल की सुरक्षा बढ़ा दी है।
यूक्रेन ने हाल के महीनों में रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले तेज किए हैं। यूक्रेन का दावा है कि इन हमलों से ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है और रूसी सेना की सप्लाई लाइनों पर असर पड़ा है।
यूक्रेन की सेना ने हालिया कार्रवाई में रूस के एक बड़े प्राकृतिक गैस प्रसंस्करण संयंत्र और दो महत्वपूर्ण उपग्रह संचार केंद्रों को निशाना बनाया। यूक्रेन के जनरल स्टाफ के अनुसार, यह अभियान ऊर्जा प्रतिष्ठानों और सैन्य उद्योगों को निशाना बनाने की रणनीति का हिस्सा था।
वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि रूसी सेनाओं ने रातभर में 323 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए हैं।