सितम्बर 10, 2026 9:25 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एमपीएससी अभ्यर्थियों की मांगों पर चर्चा की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज मुंबई में राज्य भर से आए महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग-एमपीएससी की परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी विभिन्न मांगों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई उपायों की घोषणा भी की।

श्री फडणवीस ने कहा कि कथित ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि वी. राधा की अध्यक्षता में एक नई समिति पूरे परीक्षा तंत्र की समीक्षा करेगी। यह समिति राज्‍य में छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत भी करेगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की ग्रुप-बी और ग्रुप-सी की प्रारंभिक तथा मुख्य परीक्षाओं की भी जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि छात्रों की अन्य शिकायतों के समाधान के लिए एक व्यवस्था बनाई जाएगी और इन मामलों की जांच विशेष जांच दल-एसआईटी द्वारा की जाएगी।