बेल्जियम के राजा फिलिप ने आज प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का इस्तीफा स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री से बजट पर बातचीत तुरंत फिर से शुरू करने को कहा है। देश की गठबंधन सरकार में सार्वजनिक वित्त को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। राजा ने गठबंधन में शामिल पांचों दलों के नेताओं से बातचीत की। सभी नेताओं ने अगले तीन वर्षों के लिए मजबूत बजट योजना पर सहमति बनाने का संकल्प दोहराया। रॉयल पैलेस के अनुसार, पांचों दलों के नेताओं ने आपसी सहमति बनाने के लिए कुछ छूट देने पर भी सहमति जताई है।
राजा ने सामाजिक एकजुटता बनाए रखने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के बीच संतुलन बनाने पर बल दिया।
प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने सोमवार को इस्तीफा सौंपा था। गठबंधन के पांचों दलों के बीच बजट पर सहमति नहीं बन पाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया था। गठबंधन सरकार सार्वजनिक वित्त को मजबूत करने के लिए 10 अरब यूरो की खर्च कटौती और करों में बढ़ोतरी पर सहमति बनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, इन दोनों उपायों के बीच संतुलन को लेकर दलों में मतभेद बने हुए हैं।