प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। श्री मोदी ने कल छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दीवाली मनाई और उन्हें संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में भारत के कल्याणकारी ढांचे की तुलना दीवाली की रंगोली से की, जिसमें छोटी-छोटी विभिन्न रेखाएं मिलकर एक भव्य चित्र बनाती हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि जन धन बैंकिंग, पीएम आवास योजना के अंतर्गत पक्के घर, बिना गारंटी वाले मुद्रा लोन, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्वनिधि योजना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य सेवा, मुफ्त मासिक राशन, बच्चों की शिक्षा नीतियां, स्वच्छ भारत और ‘हर घर जल’ जैसी योजनाओं ने मिलकर लोगों को मुफ्त दवा, मुफ्त शिक्षा और मुफ्त रसोई गैस उपलब्ध कराई है। इससे परिवारों की बुनियादी चिंताएं दूर हुई हैं, ताकि जो परिवार पीढ़ियों से गरीबी के जाल में फंसे थे, उन्हें अब बेहतर भविष्य मिल सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन गरीब परिवारों का पूरा जीवन केवल चिंताओं में बीत जाता था, उन्हें अब सरकार का भरोसा मिला है और उनमें नया आत्मविश्वास जागा है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि गरीबी पर यह जीत, नक्सलवाद के साथ लड़ाई से गहराई से जुड़ी है। नक्सलवाद ने पहले स्कूलों, अस्पतालों, मेडिकल स्टोरों, पोलियो टीकाकरण, मोबाइल टावरों और उद्योगों को रोककर, तथा रेलवे पटरियों पर बमबारी करके लाखों निर्दोष नागरिकों को अभाव और तंगी में धकेल दिया था। प्रधानमंत्री ने वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष विकास अभियान का जिक्र किया। इसके अंतर्गत 15 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें, 9 हजार 500 से अधिक मोबाइल टावर, लगभग 175 एकलव्य स्कूल, करीब 50 आईटीआई, 50 कौशल विकास केंद्र, हजारों डाकघर, बैंक शाखाएं और एटीएम बनाए गए। इसके साथ ही, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का पुनर्वास किया गया और ‘पीएम जनमन’ योजना के अंतर्गत दूर-दराज के आदिवासी गांवों में पहली बार पानी, बिजली और सड़कें पहुंचाई गईं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ अभियान ने गरीबी से लड़ाई को नई ऊर्जा दी है। इसने 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालने के साथ-साथ नक्सली हिंसा का भी अंत किया है। प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र में आए बदलाव के प्रतीक के रूप में ‘बस्तर ओलिम्पिक’ का भी जिक्र किया। श्री मोदी ने कहा कि आज इसी बस्तर में ‘बस्तर ओलिम्पिक’ का आयोजन हो रहा है, और बच्चे बंदूकों के बजाय खेलों में अपना हाथ आजमा रहे हैं।