अक्टूबर 18, 2026 7:38 अपराह्न

printer

नमो भारत रैपिड रेल भारत में क्षेत्रीय संपर्क के एक नए युग की शुरुआत कर रही है: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

आवासन और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि नमो भारत रैपिड रेल भारत में क्षेत्रीय संपर्क के एक नए युग की शुरुआत कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम – एनसीआरटीसी ने नई दिल्ली में नमो भारत दिवस 2026 मनाया, जो नमो भारत के सफल संचालन के तीन वर्ष पूरे होने और क्षेत्रीय आवागमन में एक परिवर्तनकारी यात्रा का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर साढ़े चार करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि आधुनिक, सुरक्षित और सुगम परिवहन में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

नमो भारत का संचालन अक्तूबर 2023 में साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर के प्राथमिकता खंड के उद्घाटन के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद पूरे कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से चालू किया गया। नमो भारत वर्तमान में प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्रियों को सेवा प्रदान करता है और हाल ही में इसने लगभग एक लाख 68 हजार यात्रियों के साथ अपना अब तक का सबसे अधिक एक दिवसीय यात्री रिकॉर्ड दर्ज किया है। इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो के साथ-साथ 82 किलोमीटर लंबे पूरे नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया था।