तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा है कि राज्य में कल होने वाले चुनाव की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों की समीक्षा के बाद आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 33,133 स्थानों पर स्थापित 75 हजार 64 मतदान केंद्रों पर कुल 573 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पहली बार मतदान करने वाले 14 लाख मतदाताओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदान को यादगार बनाने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं। मतदान के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए आयोग ने कई विशेष मतदान केंद्र शुरू किए हैं, जैसे 249 मॉडल मतदान केंद्र, 345 महिला, 71 दिव्यांगजन और 79 युवा-संचालित मतदान केंद्र। उन्होंने बताया कि कल एक लाख 60 हजार 418 बैलेट यूनिट, 75 हजार 64 कंट्रोल यूनिट और इतनी ही संख्या में वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाएगा।
प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी पटनायक ने कहा कि लगभग एक हजार 262 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं, जिनमें से कुल 543 करोड़ रुपये की वास्तविक जब्ती हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि जिन मामलों में जब्ती हुई है, उन सभी में एफआईआर दर्ज की गई है और उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। डिजिटल क्षेत्र में, उन्होंने कहा कि निगरानी प्रकोष्ठ सक्रिय रहा है, जिसके परिणामस्वरूप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उल्लंघन के लिए 2180 यूआरएल ब्लॉक किए हैं।