अप्रैल 25, 2026 7:16 अपराह्न

printer

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस्लामाबाद में पाक सेना प्रमुख असीम मुनीर से की मुलाकात

ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने आज इस्‍लामाबाद में पाकिस्‍तान के सेना प्रमुख फील्‍ड मार्शल असीम मुनीर से मुलाकात की। ईरानी  दूतावास के सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के अनुसार इस बैठक में ईरान के उप-विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी और राजदूत रज़ा अमीरी मोघदम भी शामिल रहे। दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा है कि श्री अराघची ने सेना प्रमुख से मुलाकात की। हालांकि बातचीत का ब्‍यौरा नहीं दिया गया है। पाकिस्‍तान की ओर से इस बातचीत में गृह मंत्री मोहसिन नकवी और अन्‍य अधिकारी शामिल रहे।

श्री अराघची पाकिस्‍तानी नेताओं के साथ बातचीत करने के लिए कल इस्‍लामाबाद पहुंचे थे। अमरीका और ईरान के बीच सीधी बातचीत होने की अभी तक कोई पुष्टि नहीं है। अमरीका ने कहा है कि अमरीका के विशेष दूत स्‍टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनेर ईरान के साथ बातचीत के लिए आज पाकिस्‍तान जा रहे हैं।

अमरीका और ईरान के बीच पहले दौर की बातचीत 11 और 12 अप्रैल को हुई, जिसमें एक गतिरोध बन गया। ईरान के साथ युद्ध 28 फरवरी को अमरीका और इस्राएल के हमलों के साथ शुरू हुआ।