रोग निगरानी और जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर दो दिन की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक आज नई दिल्ली में संपन्न हुई। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित इस बैठक में सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ स्वास्थ्य नेतृत्व ने भाग लिया। बैठक में प्रमुख जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई, रोग निगरानी में हुई प्रगति का आकलन किया गया और प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों के एक संरचित ढांचे के माध्यम से डेटा-आधारित संचालन को मजबूत करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें जूनोसिस की रोकथाम और नियंत्रण के लिए नेश्लन वन हेल्थ प्रोग्राम, आपदा प्रबंधन, एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम, महामारी की तैयारी, रोगाणुरोधी प्रतिरोध और जलवायु परिवर्तन तथा मानव स्वास्थ्य पर राष्ट्रीय कार्यक्रम शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की प्रगति का आकलन करने, कार्यान्वयन में कमियों की पहचान करने और समय पर सुधारात्मक कार्रवाई को सुविधाजनक बनाने के लिए मासिक प्रदर्शन समीक्षा करने पर भी सहमति व्यक्त की।