महिला क्रिकेट में भारत ने कल रात वडोदरा में पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में एक-शून्य की बढ़त बना ली है।
198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 27 ओवर एक गेंद में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। प्रतीका रावल ने 96 गेंद में 15 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। यह एकदिवसीय क्रिकेट में उनका तीसरा शतक है। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतने के बाद भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम को 49 ओवर और पांच गेंद में 197 रन पर ऑलआउट कर दिया। स्पिनर श्री चरणी ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर चार विकेट लिए। क्रांति गौड़ ने तीन, उपकप्तान दीप्ति शर्मा ने दो और शेफाली वर्मा ने एक विकेट हासिल किया। जिम्बाब्वे की ओर से बिलव्ड बीजा ने 62 रन बनाए।
मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम ने करीब आठ महीने बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करते हुए जीत के साथ शुरुआत की है। स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर वनडे श्रृंखला में टीम की अगुवाई कर रही हैं। श्रृंखला का दूसरा मैच कल दोपहर दो बजे वडोदरा में खेला जाएगा।