वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों में बिना दावे के जमा पैसे को उनके असली मालिकों को जल्द लौटाने के निर्देश दिए हैं। नई दिल्ली में कल वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद की 30वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने बैंक जमा, शेयर, बीमा, डाकघर की बचत और पेंशन का पैसा लोगों को जल्द लौटाने पर ज़ोर दिया। साथ ही, केवाईसी प्रक्रिया आसान बनाने और साइबर सुरक्षा मजबूत करने को कहा।
बैठक में ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ अभियान की समीक्षा की गई। इस अभियान का मकसद लोगों का बकाया पैसा उन्हें वापस दिलाना है। बैठक में देश की आर्थिक स्थिति, फिनटेक क्षेत्र में नए प्रयोग और वित्तीय संपत्तियों को डिजिटल टोकन में बदलने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
वित्त मंत्रालय ने बताया कि बैठक में सरकारी सूचना प्रणालियों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की साइबर सुरक्षा मजबूत करने पर भी विचार किया गया। वित्त मंत्री ने दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता को देखते हुए परिषद की बैठकें नियमित रूप से करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। बैठक में आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा और मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।