नवम्बर 25, 2026 10:34 अपराह्न

printer

भारत ने वेनिस आर्ट बिएनाले में सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय मंडप का विजिटर्स लायन पुरस्कार जीता

भारत ने कला जगत के ओलंपिक कहे जाने वाले वेनिस आर्ट बिएनाले में सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय मंडप- विजिटर्स लायन का पुरस्कार जीता है। यह सम्मान दुनिया भर से आए दर्शकों के मतदान के आधार पर दिया गया है। इसे भारत के बढ़ते सांस्कृतिक प्रभाव की पहचान माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भारत की कला और संस्कृति जगत के लिए गर्व का क्षण बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत के कलाकार देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर कला जगत को नए दृष्टिकोण दे रहे हैं।

संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह वैश्विक सम्मान नई पीढ़ी के भारतीय कलाकारों की प्रतिभा और देश के समकालीन कला जगत की जीवंतता का प्रमाण है। श्री शेखावत ने कहा कि यह सम्मान भारतीय कलाकारों की आने वाली पीढ़ियों को अधिक आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ दुनिया के सामने अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करेगा। ऐतिहासिक आर्सेनाले परिसर में स्थित भारत मंडप का आयोजन संस्कृति मंत्रालय की राष्ट्रीय आधुनिक कला दीर्घा ने किया था, जबकि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र इसकी कार्यान्वयन एजेंसी था।