नवम्बर 25, 2026 2:41 अपराह्न

printer

एनएसए अजीत डोभाल ने मालदीव में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की 8वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक को संबोधित किया

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने हिंद महासागर के तटीय देशों के बीच साझा समुद्री और सभ्यतागत संबंधों पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि समुद्र, देशों को बांटने के बजाय उन्हें जोड़ने का माध्यम बने रहना चाहिए।   श्री डोभाल ने आज मालदीव की राजधानी माले में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की आठवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। 

श्री डोभाल ने समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र के देशों के बीच निरंतर सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र के तटीय देश साझा समुद्री क्षेत्र के साथ-साथ लंबे ऐतिहासिक काल में विकसित हुई साझा सभ्यतागत विरासत से भी जुड़े हैं।

श्री डोभाल ने कहा कि नवंबर 2020 में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की स्थापना हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के साझा दृष्टिकोण के तहत की गई थी। उन्होंने कहा कि इस समूह ने उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अभी उसे लंबा सफर तय करना है। श्री डोभाल ने क्षेत्रीय समूह को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन को भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और व्यापक महासागर दृष्टिकोण से भी जोड़ा। श्री डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर, क्षेत्र के देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि के साथ-साथ वहां के लोगों के हितों और कल्याण की रक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।