नवम्बर 25, 2026 7:49 पूर्वाह्न

printer

इफ्फी 2026: ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ का छठा संस्करण संपन्न; फिल्म ‘वन लास्ट स्टॉप’ ने बेस्ट फिल्म का पुरस्कार जीता

गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमारो-सीएमओटी का छठा संस्करण भव्य तरीके से संपन्न हो गया। सूचना और प्रसारण मंत्रालय की इस प्रमुख पहल के अंतर्गत इस वर्ष 100 उभरते फिल्म निर्माताओं को एक साथ लाकर 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती आयोजित की गई। यह चुनौती जड़ें और पंख: अपनी जड़ों का सम्मान, अपने भविष्य को अपनाना—विषय पर आधारित थी।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात ने कल समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल युवा प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के बीच सेतु का काम करती है। उन्होंने 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती पूरी करने के लिए प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इस बात पर बल दिया कि एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी का उभरता हुआ क्षेत्र युवा रचनात्मक पेशेवरों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।

फेस्टिवल डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, कहा कि फिल्म निर्माण मिल-जुलकर संपन्न की जाने वाली प्रक्रिया है और अकेले एक व्यक्ति कोई भी फिल्म नहीं बना सकता। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन दिया कि वे इस चुनौती के दौरान बने अपने दोस्तों के साथ जुड़े रहें और अपनी फिल्म निर्माण की यात्रा में एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना जारी रखें।