नवम्बर 25, 2026 7:02 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। इसमें रक्षा, उन्नत तकनीकों, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष रूप से बल दिया गया है। दोनों नेताओं ने टेलीफोन पर हुई वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा की और दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।

इस वर्ष भारत और जर्मनी के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं, इसलिए दोनों नेताओं ने प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और प्रगाढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में पैदा होने वाले नए अवसरों के संबंध में भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी और श्री मर्ज़ ने बातचीत के दौरान, आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। वे वैश्विक शांति, स्थिरता और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए। दोनों नेताओं ने समकालीन वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर निरंतर सहयोग के महत्व पर भी बल दिया।