असम सरकार और भारती एयरटेल लिमिटेड ने आज दिसपुर में दो अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। ये डेटा सेंटर जोरहाट और सिलचर में स्थापित किए जाएंगे। यह समझौता पूर्वोत्तर क्षेत्र के डिजिटल बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा उपस्थित रहे।
जोरहाट में स्थापित होने वाले डेटा सेंटर की क्षमता 10 मेगावाट होगी और इस पर शुरुआती तौर पर 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। वहीं, सिलचर में 15 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिस पर 255 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दोनों परियोजनाओं को भूमि मिलने के दो वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पहल से लगभग 164 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, संबंधित क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे। समझौता ज्ञापन के आदान-प्रदान के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और बिग डेटा पर आधारित आधुनिक डिजिटल अर्थव्यवस्था में डेटा सेंटर की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इन नई सुविधाओं से ऊपरी असम और बराक घाटी में तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलेगा।