सितम्बर 24, 2026 10:38 पूर्वाह्न

printer

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया

उत्‍तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर कल देर रात एक स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई। कई अन्य यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना आधी रात के करीब जेवर पुलिस स्टेशन इलाके के दयानातपुर गांव के पास हुई। यह स्लीपर बस नोएडा से आगरा जा रही थी और इसमें करीब 35 यात्री सवार थे। दयानातपुर गांव के पास बस में अचानक आग लग गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जेवर पुलिस स्टेशन के जवान और बचाव दल मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालने और आग बुझाने का काम शुरू किया। जेवर प‍ुलिस ने मामले की एफआईआर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मारे गए नौ यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचित करने की कोशिशें की जा रही हैं। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस में आग लगने से मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज करने का निर्देश दिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा बस दुर्धटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।