वन्यजीवों और उनसे बनी वस्तुओं की पहचान करने में प्रवर्तन कर्मियों की क्षमता बढ़ाने के लिए आज इम्फाल में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें वन्यजीवों के अवैध व्यापार का पता लगाने और उसे रोकने के उपायों पर चर्चा हुई।
कार्यशाला का आयोजन भारतीय वन्यजीव न्यास – डब्ल्यूटीआई ने मणिपुर सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग तथा वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो – डब्ल्यूसीसीबी के सहयोग से किया।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मणिपुर के प्रधान मुख्य वन संरक्षक और वन बल प्रमुख अनुराग बाजपेयी और मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. जॉयकुमार उपस्थित रहे।
कार्यशाला में वन और पुलिस विभाग, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस, सीमा शुल्क विभाग, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, राज्य खुफिया ब्यूरो तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में भारतीय वन्यजीव न्यास के सहायक प्रबंधक मोनेश सिंह तोमर और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के गुवाहाटी उप-क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक निदेशक निप्पॉन कुमार बैस्नब ने व्याख्यान दिए।