पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि ऐतिहासिक ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स-ईएफआर का जल्द ही पुनरुद्धार किया जाएगा और एक हजार से अधिक गोरखा युवाओं को बल में भर्ती किया जाएगा। दार्जिलिंग जिले के कुर्सियोंग में नव निर्वाचित मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करने के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने राष्ट्र की रक्षा में गोरखा सैनिकों के शौर्य और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली राज्य सरकार ने ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स में भर्ती रोक दी थी। उन्होंने कहा कि ईएफआर, जिसे कभी एक ऐतिहासिक बल माना जाता था, पिछली सरकार के दौरान केवल दो बटालियन तक सीमित कर दिया गया था।
श्री अधिकारी ने घोषणा की कि राज्य पुलिस बल में भर्ती जल्द ही खोली जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में गोरखा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य भर्ती में कम से कम 30 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।