उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है ।
चुनाव नतीजे 27 अक्तूबर को आएंगे। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11, बिहार में आठ, महाराष्ट्र में पांच और कर्नाटक में चार सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
बिहार में आठ सीटों में से चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें हैं। यहां सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चलेगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए कुल 152 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के लिए आज 17 जिलों में मतदान हो रहा है। इस चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा-जेडीएस के एनडीए गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।
बेंगलुरु और उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ-साथ पश्चिम और दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में प्रमुख मुकाबले होंगे। मतगणना अगले सप्ताह 27 अक्टूबर को होगी।
इसके अलावा महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए भी आज मतदान हो रहा है। इनमें पुणे, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पुणे और अमरावती में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन पांच सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। दो हजार चार सौ 19 मतदान केंद्रों पर कुल 10 लाख 68 हजार 72 पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
भाजपा ने नागपुर स्नातक, पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एन.सी.पी. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट और शिवसेना अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है।
कांग्रेस नागपुर स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों पर चुनाव लड़ रही है; एन.सी.पी. ने पुणे और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि शिवसेना अमरावती शिक्षक सीट के लिए मैदान में है।