तिब्बत में कल शाम नागकु में 7.0 की तीव्रता वाले भूकंप से 16 लोग मारे गए और 54 अन्य घायल हो गए। घायलों में 11 की हालत नाजुक बनी हुई है। भूकंप से सैकड़ों मकान धवस्त हो गए। 1600 बचावकर्मी राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
नागकु मीडिया कार्यालय ने बताया कि भूकंप से 339 मकान और बीस से ज्यादा पशुघर नष्ट हो गए। नागकु शहर में संचार सेवाएं बाधित हुई है, और रेल अधिकारियों ने ऐहतियात के तौर पर रेल सेवाएं स्थगित कर दी है। इस बीच, प्रभावित इलाके में रूक-रूक कर बर्फ गिरने की संभावना है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में बाधा आने की आशंका व्यक्त की गई है।